First Tehri Corporate Premier League: RD Tiger बनी चैंपियन, रोमांचक फाइनल में Solar Solitaire को 26 रन से हराया
बौराड़ी स्टेडियम में संपन्न हुई First Tehri Corporate Premier League (TCPL); कुलदीप पंवार बने Man of the Match, प्रशांत बिष्ट चुने गए Player of the Tournament
नई टिहरी, SKS News।
जिला मुख्यालय स्थित बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित Ist Tehri Corporate Premier League (TCPL) का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ संपन्न हुआ। क्रिकेट प्रेमियों की भारी मौजूदगी के बीच खेले गए फाइनल मैच में RD Tiger ने शानदार प्रदर्शन करते हुए Solar Solitaire को 26 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए RD Tiger की टीम ने निर्धारित ओवरों में 153 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रॉबिन ने 39 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि कुलदीप पंवार ने मात्र 10 गेंदों में विस्फोटक 26 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वहीं जयेंद्र पंवार ने 16 रनों का उपयोगी योगदान दिया।
154 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी Solar Solitaire की टीम निर्धारित ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 127 रन ही बना सकी। टीम की ओर से रोहित ने शानदार 50 रन बनाए, जबकि उदय ने 19 और विपिन ने 13 रनों का योगदान दिया। हालांकि, टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और RD Tiger ने 26 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कुलदीप पंवार को Man of the Match चुना गया। उन्होंने तेजतर्रार 26 रन बनाने के साथ-साथ 3 महत्वपूर्ण विकेट भी हासिल किए और टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।
खिलाड़ियों को मिले विशेष सम्मान
पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। Monal-11 के प्रशांत बिष्ट को Player of the Tournament घोषित किया गया। वहीं अनूप को Best Batsman तथा Polytechnic Kings के रणवीर तोमर को Best Bowler के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
“खेल जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं” : राकेश राणा
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि, “खेल जीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच भी हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ना स्वस्थ और सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व राज्य मंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मुसर्रफ अली ने उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि, “खेल प्रतिभाएं राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देकर ही देश का भविष्य अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।”
क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मिला मंच
कार्यक्रम के संरक्षक असद आलम ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, आयोजकों, दर्शकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और क्रिकेट प्रशंसक उपस्थित रहे। पूरे टूर्नामेंट के दौरान दर्शकों का उत्साह देखने योग्य रहा। First Tehri Corporate Premier League (TCPL) का सफल आयोजन क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
