घंटाकर्ण मंदिर क्वीली डांडा में महायज्ञ का समापन, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने देवी का आशीर्वाद लिया और प्रसाद ग्रहण किया।
गजा (टिहरी)/ 05 जून 2025।
गंगा दशहरा पर्व के शुभ अवसर पर कालिंका देवी की पवित्र डोली जब गजा नगर पहुंची तो श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भक्तों ने कलश यात्रा, माल्यार्पण और जयकारों के साथ माता का भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने डोली के समक्ष मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
डोली के स्वागत में नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, मान सिंह चौहान, सुरेंद्र सिंह नेगी, रविंद्र सिंह विष्ट, श्रीमती भारती चौहान, कृष्णा चौहान, श्रीमती रंजना चौहान सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। डोली उपासक सुधीर बैलवाल, सचिदानंद उनियाल, एवं संजय उनियाल का श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर सम्मान किया।
गजा के पश्चात कालिंका देवी डोली भक्तों के साथ घंटाकर्ण धाम क्वीली डांडा पहुंची, जहाँ मंदिर समिति के विजय प्रकाश विजल्वाण, अशोक विजल्वाण, ईश्वरी विजल्वाण, दीपक विजल्वाण, बुद्धि सिंह रावत सहित दर्जनों लोगों ने देव डोली का पारंपरिक स्वागत किया।
मंदिर में दस दिवसीय महायज्ञ का समापन हवन, पूजा-अर्चना और भंडारे के साथ हुआ। प्रसाद स्वरूप दाल-भात भक्तों को वितरित किया गया। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगीं।
इस अवसर पर रिटायर सूबेदार मंनजीत सिंह नेगी, नरेंद्र विजल्वाण, हिमांशु विजल्वाण, पंडित मनोहर लाल, प्रशांत, दर्शन लाल सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। समापन पर सभी ने देवी माँ से आशीर्वाद लेकर जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।
