जिलाधिकारी टिहरी के निर्देश पर प्रशासन ने किया राहत सामग्री का हवाई उठान कार्य आरंभ
टिहरी/दिनांक 11 अक्टूबर, 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य को गति देते हुए, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में रगड़ गांव और कुंड के लिए हेली सेवा के माध्यम से खाद्यान्न उठान कार्य किया जा रहा है।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने बताया कि शनिवार को तहसील धनोल्टी क्षेत्रान्तर्गत दोनों प्रभावित गांवों के लिए हेलीकॉप्टर से आवश्यक खाद्यान्न सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक कुंड गांव के लिए गेहूं, चावल और नमक सहित लगभग 16 क्विंटल खाद्यान्न का उठान किया जा चुका है, जबकि रगड़ गांव के लिए 32 क्विंटल खाद्यान्न का हवाई उठान कार्य शाम तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
🌾 हेली सेवा से राहत कार्यों को मिली गति
पर्वतीय और दुर्गम भूभाग के कारण जहां सड़क मार्ग बाधित हैं, वहां प्रशासन द्वारा हेली सेवा के माध्यम से राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। इस पहल से प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्यान्न और दैनिक उपयोग की सामग्री समय पर पहुँचाई जा सकेगी।
राहत सामग्री वितरण की प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई परिवार खाद्यान्न से वंचित न रहे।
👩💼 स्थानीय अधिकारी भी रहे मौजूद
इस मौके पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विवेक शाह, खाद्य पूर्ति निरीक्षक हिमानी गैरोला, पूर्ति सहायक विनीत सेमवाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
