उत्तराखंड स्थापना दिवस रजत जयंती वर्ष के अवसर पर हुआ आयोजन
टिहरी/06 नवम्बर, 2025।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ (रजत जयंती वर्ष) के उपलक्ष्य में आज गुरुवार को जिला क्रीड़ा विभाग द्वारा राज्य स्तरीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “सॉफ्टबॉल न केवल एक खेल है, बल्कि यह समय प्रबंधन, टीम भावना और स्वस्थ मनोबल का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को खेलों के माध्यम से अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि फाइनल मुकाबले में देहरादून की टीम ने 3-1 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि ऋषिकेश की टीम उपविजेता रही।
फाइनल से पूर्व हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में —
-
प्रथम सेमीफाइनल नई टिहरी और ऋषिकेश के बीच खेला गया, जिसमें ऋषिकेश ने 10-0 से शानदार जीत दर्ज की।
-
द्वितीय सेमीफाइनल देहरादून और पौड़ी के बीच हुआ, जिसमें देहरादून ने पौड़ी को 7-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
कार्यक्रम के संचालन में अध्यक्ष यशपाल सिंह रावत, सचिव कमल नयन रतूड़ी, कोच यजुवेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष कपूर कुमाई एवं राकेश चंद, संरक्षक राजेंद्र प्रसाद डोभाल, नरेश मोहन भट्ट, चक्रधर प्रसाद भद्री, मंजू रमोला, राखी राणा, मोनिका आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और विजेता टीम को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाओं के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।
