न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी की अध्यक्षता में गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपी रिपोर्ट; सीबीआई जांच की संस्तुति, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
देहरादून, 11 अक्टूबर 2025।
उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 21 सितंबर, 2025 को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच हेतु राज्य सरकार द्वारा गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग ने आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर अपनी अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की।
आयोग की अध्यक्षता माननीय न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी द्वारा की जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि आयोग ने अल्प समय में अधिकतम जनसुनवाई कर अभ्यर्थियों एवं संबंधित पक्षों से सुझाव प्राप्त करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिपोर्ट का परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति पहले ही की जा चुकी है, जिससे जांच की पूर्ण निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि सरकार भर्ती परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी परीक्षा में अनियमितता की कोई संभावना न रहे, ताकि अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास राज्य की परीक्षा प्रणाली पर सदैव बना रहे।
