नकोट, टिहरी गढ़वाल। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर को पेयजल हेतु नल दिए जाने के कार्यक्रम को पेयजल निगम चम्बा द्वारा क्रियान्वित किया गया है। मखलोगी क्षेत्र के ग्राम पंचायत छाती में हर घर नल योजना के तहत कार्य आरम्भ हो गया है।

विभागीय ठेकेदार जयराज खणका के अधीन कार्य कर रहे वर्क एजेन्ट देवेन्द्र सिंह रावत द्वारा ग्राम छाती में प्रत्येक घर को पेयजल संयोजन दिया जा रहा है। गत दिवस आरम्भ किए गए इस अभियान से अब तक गांव के एक दर्जन के अधिक परिवारों को घर पर पेयजल संयोजन देकर लाभान्वित किया गया है।

क्षमता के अनुरूप पानी नहीं पहुँच रहा वितरण टैंक तक
आपको बताते चलें कि हालांकि सरकार की मंशा के तहत हर घर नल योजना से लाभान्वित किया जा रहा है। मगर गौरकरणीय विषय यह है कि ग्राम छाती को पेयजल आपूर्ति करवाने वाले मेन टैंक को जाने पाईप लाईन अभी भी अपनी क्षमता के अनुरूप टैंक तक पानी नहीं पहुंचा पा रही है। विभाग को इस बारे में कई बार लिखित व मौखिक रूप से कहा गया, जिस पर विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक कुमार द्वारा जिओ फाईबर कम्पनी को नोटिस भी दिए गए। लेकिन अभी तक जिओ द्वारा क्षतिग्रस्त पाईप लाईन को ठीक नहीं करवाया गया है। जिस कारण मुख्य टैंक तक पानी की सही आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
गांव को पेयजल संकट से उबारना टेढ़ी खीर
इन परिस्थितियों में यदि वितरण टैंक तक आने वाली पाईप लाईन का एलायमेंट बदल कर सही ढंग से नहीं बिछाया जाता है तो हर घर नल का सपना साकार होने वाला नहीं है। ग्राम छाती के उपभोक्ताओं को पूर्व की भाति ही पेयजल के लिए तरसना पड़ सकता है। यदि समय रहे विभाग द्वारा व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाता है तो इस गांव को पेयजल संकट से उबारना टेढ़ी खीर साबित हो सकती है। अस्तु विभागीय अधिकारियों व जन-प्रतिनिधियों को अभी से सजग होकर भविष्य की गम्भीरता को समझना होगा। तभी इस भावी आशंका से निजात मिल सकती है।
