औचक निरीक्षण में उप तहसील का कर्मचारी मिला अनुपस्थित, वेतन रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मदन नेगी उप तहसील एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर दिया जोर
नई टिहरी, 21 जुलाई 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता एवं जनसेवाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने मंगलवार को उप तहसील मदन नेगी एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उप तहसील मदन नेगी के निरीक्षण के दौरान कार्यरत वरिष्ठ सहायक मनोज नेगी बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही एवं बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय मदन नेगी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय के वेलनेस सेंटर में बंद पड़ी मशीनों को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान दवाओं का स्टॉक कम पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय रहते उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चिकित्सालय परिसर के आसपास उगी झाड़ियों एवं साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी ने तत्काल झाड़ियों की कटाई कराने तथा परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि जनहित से जुड़े सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
