उत्तराखंड में खुले में बिक रहे ठंडे पेय व पैकेज्ड पानी पर FDA की निगाह, गुणवत्ता जांचने के निर्देश जारी
देहरादून | 15 मई 2025
गर्मी के बढ़ते तापमान और पर्यटन सीजन को देखते हुए उत्तराखंड खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्य भर में बिकने वाले पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और ठंडे पेय पदार्थों की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की सख्त निगरानी के आदेश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य सचिव एवं आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि गर्मियों के इस संवेदनशील मौसम में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि गैर-मानक या खुले में संग्रहित उत्पादों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सभी जिलों में अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
ताजबर सिंह जग्गी, अपर आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, ने बताया कि बिना अनुमति खुले में बिक रहे ठंडे पानी और अन्य पेय स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकते हैं। विभाग को इन उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर कई शिकायतें मिल चुकी हैं। उन्होंने दुकानदारों और वितरकों को चेताया कि वे उत्पादों का सुरक्षित भंडारण और परिवहन सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
डॉ. कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल प्रमाणित और लाइसेंसी उत्पादों का ही उपयोग करें और किसी भी अनियमितता की सूचना विभाग को दें। विभाग ने यह भी दोहराया कि जनस्वास्थ्य सर्वोपरि है और निगरानी में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
