जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनता दरबार में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पेयजल, मुआवजा, पेंशन और अतिक्रमण मामलों पर सख्त रुख, लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश
नई टिहरी, 25 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन, सड़क क्षति एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को भू-कानून के अनुपालन हेतु पुनः विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए नियमित जांच अभियान संचालित करने को कहा। सभी उप जिलाधिकारियों को वन भूमि एवं सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अतिक्रमण वाले स्थलों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल को राशन कार्ड सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए।
जनता दरबार में कई महत्वपूर्ण मामलों पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। तहसील प्रतापनगर की ग्राम ओखला निवासी तन्नु ने वर्ष 2025 में इंटर परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद नंदा गौरा योजना का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर डीपीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तहसील जाखणीधार के ग्राम गराकोट-लामरीधार निवासी जगदीश सिंह पंवार ने कोटी-गराकोट मोटर मार्ग निर्माण के दौरान बिना मुआवजे खेत काटने की शिकायत की, जिस पर अधिशासी अभियंता लोनिवि बौराड़ी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं ग्राम घुड़साल गांव के निवासियों प्रताप सिंह, नरेन्द्र सिंह मंगल सिंह, सुनीता देवी एवं सुशील सिंह ने सौंग बांध परियोजना में भूमि अधिग्रहण के बावजूद पूर्ण मुआवजा न मिलने की शिकायत की। इस पर एसएलओ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तहसील नरेंद्रनगर की ग्राम आर्स निवासी ज्ञानदेई ने पेयजल लाइन ठीक कराने एवं सरकारी राशन उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार तहसील टिहरी के ग्राम ग्वाड़, नागदेव पथल्ड निवासी सोबत सिंह चौहान ने बहेड़ा-नकोट मोटर मार्ग निर्माण के दौरान नारदाने से तीन नाली सिंचित भूमि क्षतिग्रस्त होने और अब तक कार्रवाई न होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन एवं लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
