ढालवाला में एसटीपी और चन्द्रभागा चैनलाइजेशन कार्यों का DM नितिका खण्डेलवाल ने किया निरीक्षण, निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
5 एमएलडी और 8 एमएलडी एसटीपी परियोजनाओं की प्रगति का लिया जायजा, मानसून से पहले चैनलाइजेशन कार्य समयबद्ध पूरा करने पर जोर
नई टिहरी, 25 जून 2026 | एसकेएस न्यूज़
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को ढालवाला क्षेत्र में संचालित एवं निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) तथा चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया तथा मानसून को देखते हुए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
5 एमएलडी एसटीपी की कार्यप्रणाली का लिया जायजा
जिलाधिकारी ने ढालवाला-चोरपानी स्थित 5 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में संचालित विभिन्न शोधन प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा उपचारित जल (ट्रीटेड वाटर) की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया।
उन्होंने तकनीकी अधिकारियों एवं संचालन कर्मचारियों से प्लांट के संचालन, रखरखाव और नियमित मॉनिटरिंग की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
8 एमएलडी एसटीपी का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश
इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 8 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवशेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना समय पर पूरी होने से क्षेत्रवासियों को आधुनिक सीवेज प्रबंधन सुविधा का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चन्द्रभागा पुल के समीप प्रस्तावित नए एसटीपी के लिए चयनित भूमि का भी अवलोकन किया और परियोजना से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
चन्द्रभागा नदी चैनलाइजेशन कार्य में लाई जाए तेजी
जिलाधिकारी ने चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनलाइजेशन कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने कार्यस्थल पर उपलब्ध मशीनरी एवं संसाधनों की समीक्षा करते हुए सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीनों के साथ-साथ आरबीएनएल की मशीनों को भी शीघ्र कार्यस्थल पर लगाने के निर्देश दिए।
साथ ही सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के लिए जेसीबी मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देशित किया कि वे उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें तथा निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि मानसून के मद्देनज़र सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें, ताकि जनहित से जुड़े कार्यों का लाभ समय पर आम जनता को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
