17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले स्वास्थ्य पखवाड़े में मेडिकल कॉलेजों, जिला व उपजिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों में होंगे स्वास्थ्य शिविर; जगह-जगह आयोजित होंगे मेगा ब्लड डोनेशन कैंप
देहरादून, 29 अगस्त 2025।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) से लेकर महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर) तक प्रदेशभर में स्वास्थ्य पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर में 4604 स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, जहां आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और चिकित्सकीय परामर्श मिलेगा। साथ ही जगह-जगह मेगा ब्लड डोनेशन कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।
यह जानकारी प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा स्थित सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दी।
📌 4604 स्वास्थ्य शिविर प्रदेशभर में
- अल्मोड़ा – 522
- बागेश्वर – 109
- चमोली – 206
- चम्पावत – 120
- देहरादून – 425
- हरिद्वार – 367
- नैनीताल – 367
- पिथौरागढ़ – 679
- पौड़ी – 573
- रुद्रप्रयाग – 239
- टिहरी – 533
- ऊधमसिंह नगर – 256
- उत्तरकाशी – 208
📌 स्वास्थ्य पखवाड़े की मुख्य विशेषताएँ
- निःशुल्क उपचार, जांच और दवा वितरण।
- गर्भवती महिलाओं और टीबी मरीजों के लिए विशेष परामर्श।
- हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से लेकर जिला अस्पतालों तक विशेष कार्यक्रम।
- केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचना।
- रक्तदान शिविरों में युवाओं और विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रक्तदान हेतु जागरूक करना।
📌 जनप्रतिनिधियों की होगी भागीदारी
डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस स्वास्थ्य पखवाड़े में स्थानीय सांसदों, विधायकों, नगर निगम महापौरों, पार्षदों, निकायों व जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम से जुड़ें इसके लिए प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए।
📌 बैठक में रहे उपस्थित अधिकारी
समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, मिशन निदेशक एनएचएम मनुज गोयल, अनुराधा पाल, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक डॉ. शिखा जंगपांगी, अपर निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. आर.एस. बिष्ट, डॉ. तुहिन कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
