टिहरी मुख्यालय स्थित बीएसएनएल कार्यालय में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, हटाए गए श्रमिकों की बहाली और बकाया वेतन भुगतान की उठाई मांग
नई टिहरी, 02 सितंबर 2025।
बीएसएनएल कैजुअल और कॉन्ट्रैक्ट वर्कर फेडरेशन का धरना मंगलवार को नौवें दिन भी जारी रहा। बीएसएनएल कार्यालय मुख्यालय में चल रहे इस धरने को लेकर कर्मचारियों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरने को समर्थन देने पहुंचे भारत सरकार दूरसंचार सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि इन कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में बीएसएनएल का साथ दिया है। ऐसे में आज जब ये लोग जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं तो इनके साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने दूरभाष पर डीजीएम और एजीएम से वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग रखी।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष नित्यानंद बहुगुणा ने बताया कि बीएसएनएल प्रशासन द्वारा बिना सूचना आधा दर्जन श्रमिकों को हटाया गया है, जिसके विरोध में यह धरना चल रहा है। उन्होंने कहा कि—
- हटाए गए श्रमिकों की तुरंत बहाली की जाए।
- जिन चार श्रमिकों से पांच माह तक बिना वेतन कार्य करवाया गया, उन्हें बकाया वेतन दिया जाए।
बहुगुणा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
धरने में सरोप नेगी, शांति प्रसाद, पंच लाल, जयदेव रावत, मोहन लाल, महेश, महावीर रावत, सोनू साह, जितेंद्र थपलियाल समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।
