सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत के लिए टिहरी में PM-RAHAT योजना का विशेष प्रशिक्षण
गोल्डन ऑवर में उपचार से बचाई जा सकती है घायल की जान, जिले में कैशलेस उपचार व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर
टिहरी गढ़वाल, 13 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और दुर्घटना पीड़ितों को आर्थिक बाधा के बिना त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में टिहरी गढ़वाल में PM-RAHAT (प्रधानमंत्री राहत) योजना के सफल क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमलेश कुमार की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में जिले के चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों एवं डेटा एंट्री ऑपरेटरों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
गोल्डन ऑवर में उपचार है सबसे महत्वपूर्ण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने चिकित्सा अधिकारियों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार उपलब्ध कराना घायल व्यक्ति की जान बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने कहा कि पैसे की कमी के कारण किसी भी दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित नहीं होना चाहिए। PM-RAHAT योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को निर्धारित पात्रता एवं प्रावधानों के अनुसार सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का उद्देश्य यही है कि आर्थिक कठिनाई उपचार में बाधा न बने और समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से मृत्यु दर को कम किया जा सके।
iRAD, e-DAR और TMS की दी गई जानकारी
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमलेश कुमार ने जनपद के विभिन्न विकासखंडों से आए चिकित्सा अधिकारियों को iRAD, e-DAR, TMS, 112 एवं PM-RAHAT योजना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में सभी संबंधित विभागों एवं स्वास्थ्य इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को उपचार प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशिक्षण में इन विषयों पर हुआ विशेष फोकस
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान PM-RAHAT योजना के क्रियान्वयन के साथ-साथ दुर्घटना संबंधी डिजिटल प्रणालियों एवं उपचार प्रबंधन की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के प्रमुख विषय रहे—
- PM-RAHAT (प्रधानमंत्री राहत) योजना का क्रियान्वयन
- iRAD (Integrated Road Accident Database)
- e-DAR (Detailed Accident Report) पोर्टल
- TMS (Treatment Management System) पोर्टल
- सड़क दुर्घटना के मामलों में त्वरित उपचार एवं आवश्यक प्रक्रिया
- संबंधित पोर्टल पर दुर्घटना एवं उपचार संबंधी जानकारी का समुचित प्रबंधन
चिकित्सा अधिकारियों और नर्सिंग अधिकारियों ने किया प्रतिभाग
महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सत्र का संचालन डिस्ट्रिक्ट रोलआउट मैनेजर रविंद्र सिंह चौहान ने किया। प्रशिक्षण में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी एवं डेटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य टिहरी गढ़वाल में PM-RAHAT योजना की कार्यप्रणाली को स्वास्थ्य तंत्र के माध्यम से प्रभावी रूप से लागू करना तथा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को समय पर, निर्बाध एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना रहा।
