होली पर मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान: उत्तराखंड में ताबड़तोड़ छापेमारी, मिलावटी पनीर और हानिकारक केमिकल जब्त
मैंगलौर में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा: बिना लाइसेंस के चल रही थी पनीर फैक्ट्री, 1 कुंटल पनीर नष्ट
उत्तराखंड— होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए, राज्यभर में मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। 7 मार्च 2025 को देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में एक प्राइवेट वाहन से मिलावटी पनीर और मावा की सप्लाई पकड़ी गई। यह सामग्री हरिद्वार जिले के मैंगलौर स्थित एक फैक्ट्री से लाई गई थी।
बिना लाइसेंस फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में मिलावटी सामग्री जब्त
9 मार्च 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग की क्विक रिस्पांस टीम ने मैंगलौर की फैक्ट्री पर छापा मारा। संयुक्त आयुक्त डॉ. आर. के. सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में लगभग 1 कुंटल मिलावटी पनीर, एडल्ट्रेटेड पाम ऑयल, रिफाइंड और हानिकारक केमिकल बरामद हुए। फैक्ट्री बिना लाइसेंस के चल रही थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए 1 कुंटल पनीर को नष्ट कर दिया गया और दोषियों के खिलाफ जांच शुरू की गई।
आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार का बयान
“हमारी ज़ीरो टॉलरेंस नीति है। होली जैसे त्योहार पर शुद्ध खाद्य सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी का बयान
“हमारी टीम बाजारों में लगातार निरीक्षण कर रही है। मिलावटी पनीर की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। जनता से अपील है कि मिलावट की सूचना तुरंत दें।”
मिलावटखोरी के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान जारी
त्योहारों के मद्देनजर, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता पर संदेह हो, तो तुरंत सूचना दें।
मिलावट की शिकायत के लिए संपर्क करें:
📞 खाद्य सुरक्षा हेल्पलाइन: 18001804246
📧 ईमेल: food.safety@uttarakhand.gov.in
मिलावटखोरी के खिलाफ जागरूक रहें—आपकी सतर्कता आपकी सुरक्षा है!
