मानवाधिकार संरक्षण समिति रानीचौरी और हेस्को संस्थान देहरादून ने अमर शहीद सोहनलाल सेमवाल राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड में किया स्वच्छता अभियान
रानीचौरी/नागदेव पथल्ड।
“स्वच्छता ही सेवा” के अंतर्गत स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के तहत मानवाधिकार संरक्षण समिति रानीचौरी और हेस्को संस्थान देहरादून द्वारा आज अमर शहीद स्व. श्री सोहनलाल सेमवाल राजकीय इंटर कॉलेज नागदेव पथल्ड में विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, गुरुजनों और एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यालय की ओर से अब तक समिति को 100 किलो से अधिक प्लास्टिक रैपर इकट्ठा करके दिए जा चुके हैं।
समिति के सहयोग से इन प्लास्टिक रैपर का उपयोग करके डस्टबिन, पेनदान, फूलदान और गृह साज-सज्जा की अन्य सामग्रियां बनाई जा रही हैं, जिससे जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण हो रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार के अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुकेश उनियाल ने कहा कि स्वच्छता अभियान न केवल स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में सार्थक कदम है बल्कि यह समाज में रोजगार और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा दे रहा है। प्रवक्ता श्री संजय रावत और ए.एन.ओ. श्री भारत भूषण उनियाल ने भी स्वच्छता और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन पर अपने विचार रखे।
इस अवसर पर हेस्को संस्थान के प्रमुख पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और मानवाधिकार संरक्षण समिति के अध्यक्ष संजय बहुगुणा ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय समय-समय पर इस प्रकार के अभियानों में सहयोग देकर समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन रहा है।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उपस्थित प्रमुख लोग:
- प्रधानाचार्य: श्री मुकेश उनियाल
- प्रवक्ता: श्री संजय सिंह रावत
- ए.एन.ओ.: श्री भारत भूषण उनियाल
- डॉ. विजय किशोर बहुगुणा
- श्रीमती संगीता देवी
- श्रीमती विनीता
- श्री राजेंद्र प्रसाद थपलियाल
- श्रीमती सुमन लता सकलानी
- श्रीमती माधुरी अंतवाल
सहित अनेक शिक्षक और छात्र-छात्राएं।
