गर्मी से मिलेगी राहत, उत्तराखण्ड में 28 मई से बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, कई जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तरकाशी, टिहरी, देहरादून समेत कई जिलों में तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर
देहरादून, 27 मई 2026, SKS News।
उत्तराखण्ड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न जनपदों में वर्षा, गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि तथा तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने कई पर्वतीय जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 27 मई 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती हैं।
इसके अलावा राज्य के अन्य जनपदों में भी गर्जन के साथ बिजली चमकने एवं तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
विशेष रूप से उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं 30 और 31 मई के लिए राज्यभर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जनपदों के प्रशासन को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को अलर्ट मोड में रखने तथा त्वरित कार्रवाई हेतु सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने को कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने लोगों से आकाशीय बिजली, तेज हवाओं एवं कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
