जनता दरबार: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 66 जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पेयजल, विद्युत, मुआवजा, सड़क, शिक्षा और आपदा से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई; सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा
टिहरी गढ़वाल, 8 जून 2026 | SKS News |
जनपद टिहरी गढ़वाल में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुना। सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में कुल 66 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, विद्युत, मुआवजा, सड़क, शिक्षा, राजस्व तथा आपदा से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
जनता दरबार में तहसील धनोल्टी के ग्राम गोठ के प्रधान लाखी राम चमोली ने राजकीय इंटर कॉलेज धनोल्टी में इंटरमीडिएट स्तर पर कला वर्ग की मान्यता नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कला संकाय उपलब्ध न होने के कारण छात्रों को मजबूरी में विज्ञान वर्ग में अध्ययन करना पड़ रहा है तथा आसपास कोई अन्य इंटर कॉलेज भी उपलब्ध नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को मामले को प्राथमिकता के आधार पर जांचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तहसील जाखणीधार के कपलना निवासी कलम सिंह पंवार ने अंजनीसैण-कपलना मोटर मार्ग निर्माण के दौरान उनके मकान एवं आंगन को हुए नुकसान की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
तहसील टिहरी के ग्राम रियूंटी निवासी गजेन्द्र उनियाल ने आवासीय भवनों के निकट स्थित चीड़ के पेड़ों से संभावित खतरे की आशंका जताते हुए उन्हें हटाने की मांग की। वहीं प्रतापनगर तहसील के ग्राम रौला कोट निवासी दिनेश सिंह ने रौलाकोट-सांदणा मोटर मार्ग चौड़ीकरण के दौरान उनके भवन एवं आंगन के प्रभावित होने की आशंका व्यक्त करते हुए स्थलीय निरीक्षण, अधिग्रहण की स्पष्ट जानकारी, उचित मुआवजा एवं भवन सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।
इसी प्रकार उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व प्रधान नरेन्द्र सिंह राणा ने ग्राम गोरण में आवंटित भूखंडों के विकास एवं कब्जा दिलाने की मांग की। जबकि जाखणीधार तहसील के ग्राम नन्दगांव निवासी वीरेन्द्र दत्त ने खाता-खतौनी में दर्ज दिवंगत सह-खातेदारों के वारिसान संबंधी मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में झूलती विद्युत तारों, पेयजल संकट, आपदा से क्षतिग्रस्त कार्यों के पुनर्निर्माण, सड़क निर्माण एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी बड़ी संख्या में शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासनिक स्तर पर शीघ्रता से सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा जनहित के मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
