ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन से जुड़े प्रतिकर, खेल मैदान, फुट ओवर ब्रिज व अन्य जनहित मुद्दों पर निर्णय
टिहरी | दिनांक 31 दिसम्बर, 2025
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को शैक्षणिक क्रियाकलाप केंद्र, एचएनबी चौरास, कीर्तिनगर में रेलवे संबंधी समीक्षा बैठक की। बैठक में विनोद कंडारी (विधायक, देवप्रयाग) भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों ने नैथाणा में खेल मैदान निर्माण की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने युवा कल्याण विभाग को 15 दिन के भीतर मानकानुसार रिवाइज डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रतिकर भुगतान से जुड़े प्रकरणों में गांव–वार रिपोर्ट उपलब्ध कराने, सागर स्टोन क्रशर के अंतर्गत प्रतिकर भुगतान हेतु सहखातेदारों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। रानीहाट में रेलवे ट्रैक पर हल्के वाहनों के लिए फुट ओवर ब्रिज के संबंध में ग्रामीणों के साथ संबंधित अधिकारियों को मौके पर लोकेशन व ड्रॉइंग देखकर तकनीकी जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा स्टेशन बोर्ड लगाने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने नैथाणा में श्मशान घाट का रास्ता, नैथाणा, देवली व रानीहाट में तारबाड़, परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में पालतू जानवरों हेतु चारा-पत्ती व्यवस्था, नैथाणा के नीचे मोटर पुल पर ब्रेकरों की दूरी बढ़ाने, परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रभावितों को दुकानों में प्राथमिकता, ग्राम पंचायत रानीहाट में सामुदायिक भवन, राज राजेश्वरी मंदिर का आरसीसी मार्ग, प्रोजेक्ट एरिया के सार्वजनिक स्थलों पर हाईमास्ट लाइट, वाई ब्रिज निर्माण, तथा सेंट जोजफ स्कूल से सुपाणा तक सड़क सुधार का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में मंजू राजपूत (एसडीएम), RVNL से पमीर अरोड़ा (जीएम), विनोद बिष्ट (मैनेजर), रवि (खनन अधिकारी), मो. शदाब (तहसीलदार), एसएलओ कार्यालय से बीना सेमवाल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
