थौलधार में सेवा THDC द्वारा एकदिवसीय कृषि जागरूकता गोष्ठी संपन्न
स्थानीय किसानों को दी गई आधुनिक कृषि तकनीकों व सरकारी योजनाओं की जानकारी
थौलधार, टिहरी। सेवा टीएचडीसी (THDC) के माध्यम से विकासखंड थौलधार में एक दिवसीय कृषि जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जेष्ठ प्रमुख श्रीमती सुनीता राणा एवं सेवा THDC के नोडल अधिकारी महेंद्र राणा द्वारा किया गया। इस गोष्ठी का आयोजन सहयोगी संस्था लोक कल्याण सेवा समिति, रानीचौरी के तत्वावधान में किया गया।
गोष्ठी में स्थानीय ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूह के सदस्य, कृषक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में कृषि की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण किसान नई तकनीकों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इस प्रकार की गोष्ठियों से ग्रामीणों में खेती-किसानी के प्रति उत्साह और जागरूकता बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया गया तथा उपस्थित किसानों को बीज वितरण भी किया गया। सेवा THDC के नोडल अधिकारी महेंद्र राणा ने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।
कृषि विभाग के प्रतिनिधि सुभाष कुमार ने विभागीय योजनाओं, सब्सिडी पर उपलब्ध बीजों एवं कृषि यंत्रों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी पैदावार और आय दोनों बढ़ा सकते हैं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रीता भट्ट (वडंवाल), ग्राम प्रधान जगमोहन चौहान (बरवाल), पूर्व जिला पंचायत प्रतिनिधि चतर सिंह रावत, एनआरएलएम प्रतिनिधि अतोला देवी, पशुपालन विभाग से वीरा राणा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला स्वयं सहायता समूहों से विजय सिंह, अनीता देवी, शकुंतला गोसाईं, अनीता प्रभा, सरोजिनी, ममता चौहान, सुलोचना, संगीता आदि महिलाएं विशेष रूप से मौजूद रहीं।
गोष्ठी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में कृषि के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्थानीय पैदावार में वृद्धि करना, तथा किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभ से जोड़ना रहा। इस प्रकार की पहल से निश्चित ही ग्रामीण आजीविका को नई दिशा मिलेगी।
