नगर पालिका अध्यक्षा ममता देवी के नेतृत्व में चला स्वच्छता अभियान, लगभग 100 किलो कूड़ा एकत्रित कर भेजा गया डंपिंग जोन
देवप्रयाग।
शासन से प्राप्त निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद देवप्रयाग द्वारा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक नगर क्षेत्र में “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा” का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुवार को पखवाड़े की शुरुआत नगर के वार्ड नंबर 1 (तहसील क्षेत्र) से हुई, जहां नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती ममता देवी के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 100 किलो कूड़ा एकत्रित कर डंपिंग जोन में भिजवाया गया।
कार्यक्रम में नगर निकाय के समस्त कर्मचारी, पर्यावरण मित्र और सहयोगी संस्था अ.ज.से.सं.के कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
अध्यक्षा श्रीमती ममता देवी ने बताया कि “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नगर निकाय के सभी चारों वार्डों में प्रत्येक दिन अलग-अलग स्थानों पर विशिष्ट स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इन अभियानों में नगर के चारों सभासदों के सहयोग से आमजन को स्वच्छता से जोड़ा जाएगा और जागरूक किया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य है कि स्वच्छता को एक सामूहिक जिम्मेदारी बनाया जाए, ताकि देवप्रयाग नगर एक स्वच्छ और स्वस्थ नगर के रूप में उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
