लंबित राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल
राजस्व विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में वसूली, खाद्यान्न वितरण, अभियोजन एवं विभागीय कार्यों की प्रगति पर हुई विस्तृत समीक्षा
टिहरी गढ़वाल, 29 जुलाई 2026।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में राजस्व विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की राजस्व प्राप्ति, लंबित राजस्व वसूली, विचाराधीन राजस्व वादों, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था तथा विभागीय प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पुराने एवं लंबित राजस्व मामलों की नियमित सुनवाई कर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
आबकारी विभाग की कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में आबकारी विभाग द्वारा जून माह में की गई प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जून में 92 छापामारी अभियान चलाए गए, जिनमें 9 प्रकरण दर्ज किए गए तथा एक वाहन सीज किया गया।
परिवहन विभाग को प्रवर्तन अभियान तेज करने के निर्देश
परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्तमान तक 1,638 चालान किए जा चुके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा एवं नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रवर्तन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा चालानों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
अभियोजन विभाग में कई मामले लंबित
अभियोजन विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अधीनस्थ न्यायालयों में विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत अनेक मामले विचाराधीन हैं। इनमें सबसे अधिक आबकारी अधिनियम के 108 मामले लंबित हैं। इसके अतिरिक्त आयुध अधिनियम के 8, आईटीपी एक्ट के 6, एनडीपीएस एक्ट के 9, फॉरेन एक्ट के 2 तथा कॉपीराइट एक्ट का एक मामला लंबित है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
42 पटवारी चौकियों की मरम्मत कार्य की समीक्षा
बैठक में बताया गया कि दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त जनपद की 42 पटवारी चौकियों के मरम्मत कार्य हेतु धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। इनमें से 16 चौकियों की मरम्मत पूर्ण हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष चौकियों का कार्य भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व व्यवस्था प्रभावित न हो।
खाद्यान्न वितरण व्यवस्था पर भी जोर
बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न का वितरण नियमित एवं सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी कमलेश मेहता, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, तहसीलदार धीरज राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
