182वें श्री हनुमान चालीसा पाठ में मातृशक्ति सम्मान समारोह, ब्रह्मकमल शक्ति संस्था ने किया सम्मानित
श्रीदेवसुमन नगर शिव मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच हुआ आयोजन, सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश
देहरादून। देहरादून नगर निगम के वार्ड-35 अंतर्गत श्रीदेवसुमन नगर भाग-1 स्थित शिव मंदिर में आयोजित 182वें श्री हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम के अवसर पर ब्रह्मकमल शक्ति संस्था द्वारा क्षेत्र की सक्रिय मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। धार्मिक आस्था और भक्ति से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्मकमल शक्ति संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों से प्रत्येक सप्ताह निरंतर श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आध्यात्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूती प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महिलाओं का योगदान अत्यंत प्रेरणादायी है। संस्था द्वारा मातृशक्ति सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को सम्मान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती संगीता गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद सुमित्रा ध्यानी सहित शिव मंदिर श्रीदेवसुमन नगर भाग-1 कीर्तन मंडली की सदस्यगण मीनाक्षी शर्मा, संगीता वर्मा, सारिका चौधरी, रजनी वर्मा, कविता जैन, रेखा शर्मा, संतोष, रेखा गुप्ता, आशारानी, पल्लवी, निधि, मंजू देवी, किरन बाला सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों, हनुमान चालीसा पाठ एवं धार्मिक वातावरण ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान की। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर समिति, क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग और आत्मीय सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।
