उत्तरकाशी के धराली बाजार में बादल फटा, कई होटल और दुकानें मलबे में दबीं, राहत-बचाव कार्य जारी
🟦 भटवाड़ी तहसील के खीर गाड़ क्षेत्र में बादल फटने से भारी तबाही, SDRF, NDRF, सेना और पुलिस ने संभाला मोर्चा, एयरफोर्स से भी मांगी गई मदद
उत्तरकाशी/देहरादून, 5 अगस्त 2025:
उत्तरकाशी जनपद की भटवाड़ी तहसील के अंतर्गत थाना हर्षिल क्षेत्र में आज दोपहर लगभग 1:50 बजे खीर गाड़ में बादल फटने की भयावह घटना घटी। अचानक अत्यधिक जलस्तर बढ़ने से धराली बाजार क्षेत्र में भारी मलबा बहकर आया, जिससे कई भवनों, होटल और दुकानों को भारी क्षति पहुंची है।
जानमाल की स्थिति की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है, परन्तु स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्य आरंभ कर दिए हैं। SDRF, अग्निशमन विभाग, सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियां घटनास्थल पर जुटी हैं।
राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन को लेकर उच्च स्तर पर सक्रियता दिखाई है। प्रभारी मुख्य सचिव श्री आर.के. सुधांशु के नेतृत्व में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC), देहरादून में राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग हो रही है। केंद्र सरकार को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय और गृह मंत्रालय से संपर्क स्थापित किया गया है।
जिलाधिकारी उत्तरकाशी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं। आपदा क्षेत्र धराली, जिला मुख्यालय उत्तरकाशी से लगभग 80 किमी दूर है। पास का प्राथमिक चिकित्सालय 5 किमी तथा AIIMS ऋषिकेश 246 किमी दूरी पर स्थित है।
🚁 हेलीकॉप्टर और मेडिकल सहायता की व्यवस्था:
राज्य सरकार ने वायुसेना से 2 MI हेलीकॉप्टर और 1 चिनूक हेलीकॉप्टर की मांग की है। यूकाडा के दो हेलीकॉप्टर राहत कार्य के लिए तैयार रखे गए हैं। निकटवर्ती सरकारी अस्पतालों, एम्स ऋषिकेश और दून अस्पताल में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।
मौसम खराब होने के कारण हवाई राहत में अस्थायी बाधा आई है, लेकिन सड़क मार्ग से राहत और बचाव दल लगातार घटनास्थल पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
🚨 एसडीआरएफ और अन्य बलों की तैनाती:
NDRF:
दिल्ली से 50 जवान
देहरादून से 15 जवान
SDRF: गंगोत्री से 30 जवान
देहरादून से 45 जवान
ITBP: 30 जवान राहत हेतु रवाना
इन बलों के साथ थर्मल इमेजिंग कैमरा, विक्टिम लोकेशन डिवाइसेस, ड्रोन, मेडिकल संसाधन, चेन शॉ, हैमर और प्रकाश उपकरण भेजे गए हैं।
🏥 चिकित्सा प्रबंधन:
हर्षिल, भटवाड़ी और उत्तरकाशी जिला अस्पतालों में घायलों की प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। एम्स ऋषिकेश और दून अस्पताल में भी विशेष व्यवस्था की गई है।
📞 आपातकालीन हेल्पलाइन नम्बर:
📍 उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र:
01374-222722
7310913129
7500737269
टोल फ्री: 1077, ERSS: 112
📍 राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून:
0135-2710334
0135-2710335
8218867005
9058441404
टोल फ्री: 1070, ERSS: 112
📢 वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी:
मुख्य सचिव श्री आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगौली, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, ADG ए.पी. अंशुमान, IG गढ़वाल राजीव स्वरूप, और IG SDRF अरुण मोहन जोशी स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
