बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, हरीश रावत व करन माहरा समेत दिग्गज नेता शामिल
देहरादून (SKS News): उत्तराखंड की राजनीति शुक्रवार को उस वक्त गरमा गई जब कांग्रेस ने राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री आवास कूच कर सरकार के खिलाफ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे।
कांग्रेस मुख्यालय से निकले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान ‘पेपर चोर-गद्दी छोड़’ और ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ जैसे नारों से इलाका गूंज उठा। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण बन गया।
प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और भर्ती घोटालों के असली गुनहगारों को बचा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह लड़ाई केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि विधानसभा से लेकर जनता की अदालत तक जारी रहेगी। पुलिस बल की भारी तैनाती के बावजूद कार्यकर्ताओं के तेवर कई बार हालात को बेकाबू बना गए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक घोटालों पर सख्त कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में और भी बड़े व उग्र आंदोलन किए जाएंगे।
