पूर्व में हुए धरने और जनआंदोलन के बाद अब सड़क निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार | श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को मिलेगा सुरक्षित आवागमन | बरसाती पानी की निकासी व्यवस्था की भी उठी मांग
चंबा (टिहरी गढ़वाल), सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’।
कॉलेज रोड चंबा के दूसरे चरण का डामरीकरण कार्य मंगलवार को शुरू हो गया। लंबे समय से स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही मांग अब पूरी होने की दिशा में है।
उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पूर्व नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस मार्ग पर सुधार हेतु छह दिवसीय धरना दिया था। जिसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी ने तल्ला चंबा से जंगलात डाक बंगला तक लॉजिस्टिक टाइल्स लगवाकर डामरीकरण कराया। तत्पश्चात नगर पालिका परिषद चंबा की पूर्व अध्यक्ष सुमन रमोला ने गबर सिंह चौक से लखेड़ा भवन तक लॉजिस्टिक टाइल्स बिछवाई थीं।
आज दूसरे चरण के तहत नगर पालिका अध्यक्ष शोभनी धनोला ने लगभग 100 मीटर सड़क के पुनः डामरीकरण का उद्घाटन किया। साथ ही शेष भाग का भी डामरीकरण करवाने हेतु नाप-जोख पूर्ण कर लिया गया है। बजट उपलब्ध होते ही कार्य शीघ्र शुरू होगा।
इस सड़क के सुधरने से कॉलेज रोड गड्ढा मुक्त और सौंदर्ययुक्त बनेगी, जिससे हजारों नागरिकों के साथ-साथ श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज के विद्यार्थी, समीपवर्ती गांवों के लोग और बिजली गृह से आने-जाने वाले कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
हालांकि स्थानीय नागरिकों ने बरसाती पानी की निकासी को लेकर भी चिंता जताई। राधा कृष्ण मंदिर के समीप से आने वाले पानी की निकासी व्यवस्था और नालियों के निर्माण की मांग उठाई गई, ताकि भविष्य में सड़क को नुकसान न पहुंचे और पैदल यात्रियों को कठिनाई न हो। विशेषकर स्कूली छात्र-छात्राएं बरसात के समय सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
डामरीकरण कार्य शुरू होते ही सुमन कॉलोनी, तल्ला चंबा, कॉलेज रोड के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी प्रशांत कुमार चौधरी, कवि सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, सभासद शक्ति प्रसाद जोशी, अरविंद मखलोगा, प्रधान दिनेश भंडारी, दर्मियान नेगी, मूर्ति राम बेलवाल, लक्ष्मी प्रसाद डोभाल, कुंवर सिंह नेगी, पी.एल. सोनी, अवर अभियंता पूजा, सीमा पुंडीर आदि उपस्थित रहे।
