इंदिरापुरम में हनुमान चालीसा पाठ में उमड़ी श्रद्धा, भक्तिमय माहौल में गूंजा जय श्रीराम
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में ज्येष्ठ माह पर विशेष आयोजन, बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
देहरादून।
इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में ज्येष्ठ माह के पावन अवसर पर ‘नर्मदेश्वर कीर्तन मंडली’ द्वारा भव्य हनुमान चालीसा पाठ एवं भक्तिमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर भक्तिभाव के साथ हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
इस अवसर पर ब्रह्मकमल शक्ति संस्था के अध्यक्ष अभिनव थापर ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर प्रभु श्रीराम भक्त हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं तथा सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभिनव थापर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का विशेष महत्व है और समाज व सनातन परंपराओं को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि ब्रह्मकमल शक्ति संस्था द्वारा चैत्र नवरात्र के अवसर पर इंदिरानगर, प्रेमनगर, बल्लूपुर, कौलागढ़, गोविन्दगढ़, इंजीनियर एनक्लेव, दीपलोक एवं काँवली रोड सहित कई क्षेत्रों के मंदिरों में “माँ शक्ति आराधना संध्या महोत्सव” आयोजित किए गए थे। इन आयोजनों में भजन संध्या के साथ मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें महिलाओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि समाजहित, धार्मिक जागरण एवं सांस्कृतिक संरक्षण के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कांग्रेस नेता ट्विंकल अरोड़ा, पंडित ज्ञानचंद पांडेय तथा नर्मदेश्वर शिव मंदिर कीर्तन मंडली के सदस्यगण मोनिका गांधी, मंजू कपूर, सीमा वोहरा, लता करनवाल, तारा नेगी, ममता वर्मा, सविता वर्मा, मेघा कपूर, शर्मीला शर्मा, निधि अरोड़ा और अनीता क्लोरिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने बजरंगबली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
