ऑपरेशन “प्रहार” पर एसएसपी देहरादून सख्त
वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 15 मई 2026 | डॉ. शोभा राम उनियाल
देहरादून में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोबाल ने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।
बैठक में एसएसपी ने वांछित, ईनामी तथा पेशेवर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध प्रभावी और निरंतर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त निगरानी बनाए रखें।
एसएसपी ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष चिंता जताई। उन्होंने रैश ड्राइविंग, ड्रंक एंड ड्राइव, बिना नंबर प्लेट वाहनों का संचालन तथा अनाधिकृत रूप से हूटर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त देर रात तक संचालित होने वाले बार, पब, होटल और ढाबों की नियमित चेकिंग करने तथा निर्धारित समय सीमा के बाद खुले पाए जाने या नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
