श्रीनगर से शुरू होकर चमोली तक फैले दौरे में विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे मंत्री रावत।
देहरादून, 12 मई 2025:
उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत आगामी 17 मई तक गढ़वाल मंडल के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे अपने विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर और चमोली जनपद में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण करेंगे तथा चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
मंत्री रावत अपने दौरे की शुरुआत मंगलवार को श्रीनगर के सिमखेत से करेंगे, जहां वे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का शिलान्यास करेंगे। बुधवार को वे कलगड़ी मल्ली, कालौं, चमगांव और पटोटी में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज कालौं के नव निर्मित भवन, पटोटी पंचायत भवन का लोकार्पण तथा प्राथमिक विद्यालय कालौं व चमगांव के स्वीकृत भवनों का शिलान्यास किया जाएगा।
गुरुवार को मंत्री भुवनेश्वरी स्थित ब्रिगेडियर विद्याधर जुयाल संस्कृत विद्यालय में आयोजित यज्ञोपवीत संस्कार कार्यक्रम में भाग लेंगे और नव प्रवेशित छात्रों को शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद वे ग्वाड़ीगाड, सरणा, चोपड्यूं और पाबौं में विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, जिसमें शिक्षण संस्थानों के भवन, पंचायत भवन और स्वास्थ्य केंद्र के रास्ते शामिल हैं। पाबौं में वे व्यापार मंडल की बैठक में भी भाग लेंगे।
16 व 17 मई को डॉ. रावत चमोली जनपद का दौरा करेंगे, जहां वे चारधाम यात्रा मार्गों पर स्थित चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागीय योजनाओं की प्रगति और यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे।
