राज प्लाज़ा एसोसिएशन और कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने की सेवा
देहरादून, 31 मई 2025 — राजपुर रोड स्थित दिलाराम चौक पर गुरु अर्जन देव जी के पावन शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में राज प्लाजा एसोसिएशन द्वारा एक विशेष “छबील लंगर सेवा” का आयोजन किया गया। इस सेवा में मिठे पानी और छोले-भटूरे का प्रसाद वितरित कर आमजन को सेवा का लाभ प्रदान किया गया।
इस पुनीत अवसर पर कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और स्वयं लंगर बांटकर सेवा भाव का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि “सिख धर्म हमें निःस्वार्थ सेवा, एकता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देता है।” उन्होंने गुरु अर्जन देव जी की शहादत को याद करते हुए सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सेवा भाव और एकजुटता का संदेश
अभिनव थापर ने अपने संबोधन में कहा,
“सिखों के पंचम गुरु श्री अर्जन देव जी ने सत्य, करुणा और न्याय की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान हम सभी को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। हम इस छबील सेवा के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।“
सामूहिक सहभागिता
इस कार्यक्रम में राज प्लाज़ा एसोसिएशन के सभी सदस्यगण पूरी निष्ठा के साथ सेवा में लगे रहे। सेवा में प्रमुख रूप से हरदीप सिंह, बलदेव सिंह, राजन कपूर, तरुण कुमार, अशोक नारंग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने राहगीरों व आमजन को मीठे जल और प्रसाद स्वरूप छोले वितरित कर गुरु अर्जन देव जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
लंगर सेवा में लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में सामुदायिक एकता, सद्भाव और सेवा भावना की उत्कृष्ट झलक देखने को मिली।
