शैक्षिक, शोध व क्लीनिकल गुणवत्ता में होगा सुधार, मेडिकल छात्रों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण
देहरादून | 12 जनवरी 2026
राज्य सरकार ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून एवं पं. रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में विभिन्न संकायों के अंतर्गत एक दर्जन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से चली आ रही संकाय सदस्यों की कमी दूर होगी और मेडिकल छात्रों को उच्च स्तरीय शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से न केवल मेडिकल कॉलेजों की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को बल मिलेगा, बल्कि संबद्ध चिकित्सालयों में आने वाले मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
वॉक-इन-इंटरव्यू से हुआ चयन
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित प्रदेशभर के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के कुलपति की अध्यक्षता में गठित साक्षात्कार समिति द्वारा वॉक-इन-इंटरव्यू के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
चयन समिति द्वारा चयनित 12 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति को राज्य सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिनमें
- 8 विशेषज्ञ चिकित्सक राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून
- 4 विशेषज्ञ चिकित्सक रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में नियुक्त किए गए हैं।
दून मेडिकल कॉलेज में चयनित विशेषज्ञ
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में—
- रेडियो डायग्नोसिस विभाग में डॉ. ब्रजेन्द्र नाथ त्रिपाठी (प्रोफेसर)
- माइक्रोबायोलॉजी में डॉ. मनीष कुमार
- ब्लड बैंक में डॉ. सनोबर शमीम
- ऑर्थोपेडिक्स में डॉ. मयंक सिंघल
- एंटीनेटल चाइल्ड केयर में डॉ. सारा गुलेरिया
- मेटरनिटी चाइल्ड हेल्थ केयर में डॉ. रूचि कर्नाटक
- एनेस्थीसिया में डॉ. पूजा सांगोले एवं डॉ. इशिता बहुखण्डी
का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर किया गया है।
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में चयन
पं. रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में—
- ऑब्स एंड गायनी विभाग में डॉ. प्रेरणा छाबड़ा
- ईएनटी में डॉ. ललित सिंह पोखरिया
- माइक्रोबायोलॉजी में डॉ. मयूरी श्रीवास्तव
- त्वचा रोग (स्किन) विभाग में डॉ. चिराग सैनी
को असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर नियुक्त किया गया है।
संविदा पर होगी नियुक्ति
सभी चयनित विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति संविदा आधार पर तीन वर्ष अथवा नियमित नियुक्ति होने तक (जो भी पहले हो) के लिए की गई है। इन नियुक्तियों से मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्यों और क्लीनिकल सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य मंत्री का बयान
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा—
“राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एक दर्जन और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। संकाय सदस्यों की यह तैनाती मेडिकल छात्रों को उच्चस्तरीय शिक्षण प्रदान करेगी, साथ ही कॉलेजों में शोध एवं क्लीनिकल सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।”
