राज्य आपदा परिचालन केंद्र से समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री का स्थल निरीक्षण, प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता और वैकल्पिक मार्ग-व्यवस्थाओं पर जोर
देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज राज्य आपदा परिचालन केंद्र से प्रदेशभर में हुई अतिवृष्टि की स्थिति की समीक्षा करने के बाद मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात को सामान्य बनाया जाए तथा आवश्यकतानुसार लोगों के आवागमन हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करना होगा। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि आपदा से प्रभावित परिवारों को मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मूलभूत सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरंतर हो रही वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में आवागमन अवरुद्ध हुआ है, वहाँ प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक मार्ग और राहत शिविर स्थापित किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है और प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को जल्द से जल्द सामान्य बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति श्री विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर श्री विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, एसएसपी श्री अजय सिंह तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
