देहरादून में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
अजबपुर कलां में घर-घर पहुंचकर परखी नोटिस वितरण प्रक्रिया, 5.47 लाख मतदाताओं को दिए जा रहे व्यक्तिगत नोटिस
देहरादून, 28 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया के लिए डॉ शोभा राम उनियाल की रिपोर्ट.
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को देहरादून के अजबपुर कलां क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे नोटिस वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अभियान की जमीनी हकीकत का जायजा लेते हुए अधिकारियों को प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए।
घर-घर जाकर देखी नोटिस तामील की प्रक्रिया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी स्थानीय निवासी अरविंद नेगी के घर पहुंचे, जहां बीएलओ मतदाता सूची में नाम संबंधी विसंगति के कारण नोटिस सौंपते हुए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने की जानकारी दे रहे थे। जिलाधिकारी ने पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया कि निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया का सही ढंग से पालन किया जा रहा है।
बीएलओ के लिए बनेगी फ्लोचार्ट और चेकलिस्ट
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि बीएलओ के कार्य को सरल एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए एक स्पष्ट फ्लोचार्ट एवं चेकलिस्ट तैयार की जाए। इसे तत्काल सभी बीएलओ को उपलब्ध कराया जाए, ताकि नोटिस वितरण एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया में किसी प्रकार का भ्रम उत्पन्न न हो।
11.90 लाख मतदाताओं की मैपिंग पूरी, 5.47 लाख को नोटिस
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार देहरादून जनपद में अब तक 11,90,805 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है।
वर्ष 2003 एवं 2026 की मतदाता सूचियों के मिलान में जिन मतदाताओं के विवरण अधूरे पाए गए या मैपिंग संबंधी विसंगतियां सामने आईं, ऐसे 5.47 लाख मतदाताओं को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को नोटिस उपलब्ध कराएंगे तथा नोटिस वितरण का फोटो निर्वाचन आयोग के निर्धारित मोबाइल ऐप पर अपलोड करेंगे।
निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप निर्धारित समयसीमा के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी सावधानी एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण के नामित सेक्टर अधिकारी डॉ. महेश कुमार, एईआरओ अपर्णा बहुगुणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली तथा बीएलओ विभांशु भट्ट उपस्थित रहे।
