देहरादून में धूमधाम से मनाया गया ‘हिन्दू साम्राज्य दिवस’, छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभिन्न कार्यक्रमों में शिवाजी महाराज के शौर्य, त्याग और राष्ट्रसेवा का किया गया स्मरण; डॉ. शोभा राम उनियाल रहे मुख्य वक्ता
देहरादून, 28 जून 2026 | डॉ. शोभा राम उनियाल | एसकेएस न्यूज़
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर ‘हिन्दू साम्राज्य दिवस’ उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मनाए जाने वाले छह प्रमुख उत्सवों में से एक है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की गौरवगाथा और उनके राष्ट्रनिर्माण, सुशासन एवं हिन्दवी स्वराज्य के संकल्प की स्मृति में आयोजित किया जाता है।
दक्षिण महानगर देहरादून के विभिन्न नगरों एवं शाखाओं में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
टाजिट हॉस्टल में हुआ मुख्य कार्यक्रम
दक्षिणी महानगर के पूर्वी भाग के स्वयंसेवकों द्वारा देहरादून स्थित टाजिट हॉस्टल में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्वी भाग के संघ चालक राजेश वक्सी तथा कार्यक्रम अध्यक्ष विजय कटूडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संस्कृति प्रमुख एवं धर्म जागरण समन्वय डॉ. शोभा राम उनियाल ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए।
शिवाजी महाराज के आदर्शों पर चलने का आह्वान
अपने संबोधन में डॉ. शोभा राम उनियाल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक महान योद्धा ही नहीं, बल्कि राष्ट्रनायक, कुशल प्रशासक और समाज के रक्षक थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शिवाजी महाराज के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, समाजसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
विभिन्न शाखाओं में भी हुए विशेष आयोजन
इस अवसर पर केदारनगर शाखा तथा स्वामी रामतीर्थ शाखा सहित अन्य शाखाओं में भी हिन्दू साम्राज्य दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
केदार नगर शाखा में मुख्य वक्ता प्रदीप शर्मा ने छत्रपति शिवाजी महाराज के त्याग, राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा स्वयंसेवकों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में स्वयंसेवक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में भाग संघ चालक राजेश वक्सी, केदार नगर संघ चालक कृष्णानन्द भट्ट, प्रदीप कुमार वर्मा, मुकेश मोहन नौटियाल, प्रदीप वाजपेयी, राजेश यादव, बाबू राम सहगल, वृजमोहन पैन्यूली, राजेन्द्र सिंह राणा, वनीत राणा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
